रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक दावों का सख्त खंडन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है। आयोग ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
गौरतलब है कि सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम 4 अगस्त 2026 को घोषित किए गए थे। परिणाम जारी होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म, विशेषकर रील्स और शॉर्ट्स वीडियो के माध्यम से कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर उनका उपहास उड़ाया जा रहा है। साथ ही परीक्षा परिणाम की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में जिन अभ्यर्थियों के नाम प्रदर्शित किए गए हैं, वे वही नाम हैं जिन्हें संबंधित अभ्यर्थियों ने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय दर्ज किया था और अंतिम रूप से सबमिट किया था। आयोग ने बताया कि इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST) तथा प्रारंभिक लिखित परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) में भी वही नाम अंकित थे, जो आवेदन पत्र में दर्ज किए गए थे। दस्तावेज सत्यापन के दौरान भी इन्हीं नामों का उपयोग किया गया। इसलिए सोशल मीडिया पर नामों को लेकर किए जा रहे दावे और लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अवर सचिव ने सभी अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी असत्य, भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें। आयोग ने कहा है कि भर्ती परीक्षा से संबंधित सभी अधिकृत सूचनाएं केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही जारी की जाती हैं। इसलिए किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोत पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।
