आज से शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 17 अगस्त तक देशभर में होंगे देशभक्ति के कार्यक्रम

हर घर तिरंगा अभियान आज से शुरू, देशभर में गूंजेगा देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश

देश में आज से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत हो रही है। यह अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने और देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता की भावना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी। देखते ही देखते यह अभियान एक व्यापक जनभागीदारी कार्यक्रम का रूप ले चुका है। हर वर्ष बड़ी संख्या में नागरिक इस अभियान से जुड़कर अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं और राष्ट्रीय पर्व के उत्सव में भाग लेते हैं।

इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का विशेष महत्व है, क्योंकि इसे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के दौरान 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और विस्थापन का दंश झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की पहुंच भारत तक ही सीमित नहीं रहेगी। दुनिया भर में स्थित 200 से अधिक भारतीय दूतावास, उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास भी इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन आयोजनों के जरिए विदेशों में रह रहे भारतीयों को भी राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इस वर्ष अभियान के तहत ‘सूर्य पथ तिरंगा’ डिजिटल रिले भी एक प्रमुख आकर्षण होगी। इसमें 54 भारतीय राजनयिक मिशन और केंद्र भाग लेंगे। यह डिजिटल रिले 15 अगस्त को फिजी से शुरू होकर सैन फ्रांसिस्को में समाप्त होगी। इसके माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत की एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश वैश्विक स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का अवसर भी प्रदान करता है। सरकार ने नागरिकों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय उत्सव को जनभागीदारी के साथ मनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *