हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी का प्रधानमंत्री मोदी ने किया आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि तिरंगा देश के गौरव का प्रतीक है और राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की निरंतर प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की गतिविधियां ‘वंदे मातरम’ को समर्पित की जा रही हैं। इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है।

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां और तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन कर देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाएगा।
‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोहों के हिस्से के रूप में राष्ट्रगीत के गौरव और विरासत का उत्सव मनाने का अवसर मिलेगा।
इस वर्ष के समारोहों में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, यह अपनी तरह की पहली पहल है, जिसका उद्देश्य दुनिया के विभिन्न देशों में रह रहे भारतवंशियों को तिरंगे के वैश्विक उत्सव से जोड़ना है।
मंत्रालय ने नागरिकों से अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता दिवस समारोहों से जुड़ा एक व्यापक राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान बन चुका है। यह अभियान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश के प्रति अपने गौरव, जुड़ाव एवं प्रतिबद्धता को व्यक्त करने के लिए प्रेरित करता है।
