गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों सहित सभी विषयों पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सदन में सदस्यों की ओर से उठाए जाने वाले सभी सवालों का सरकार जवाब देगी और उसे किसी भी विषय पर कुछ छिपाने की जरूरत नहीं है।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में श्री शाह ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा के लिए लोकसभा अध्यक्ष को दोपहर दो बजे तक नोटिस दे सकता है, ताकि आज दोपहर तीन बजे चर्चा शुरू की जा सके। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान वे सदन में मौजूद रहेंगे और सभी सदस्यों की बात सुनेंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि चर्चा पूरी होने के बाद वे कल दोपहर तीन बजे सदन में इसका जवाब देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार नीट परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों के प्रदर्शन से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार है।
श्री शाह ने कहा कि इतने गंभीर विषय पर चर्चा संसदीय प्रक्रिया और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में सार्थक चर्चा हो।
