होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाएगा ईरान, अमेरिका से बढ़ा तनाव

तेहरान। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने कहा है कि अधिकृत देशों के जहाजों को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने के लिए अब सेवा शुल्क का भुगतान करना होगा। ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेज़ाई के मुताबिक, यह शुल्क समुद्री, पर्यावरणीय और लॉजिस्टिक सेवाओं से जुड़े खर्चों को कवर करेगा।

ईरानी सरकारी प्रसारक के अनुसार, यह फैसला होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रणनीतिक कार्रवाई योजना के अनुच्छेद-3 को मंजूरी दिए जाने के बाद लिया गया है। ईरान का कहना है कि शुल्क की भुगतान व्यवस्था को लचीली वित्तीय शर्तों के साथ तैयार किया गया है।

इससे पहले ईरान की ओर से यह भी कहा गया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य तब तक बंद रहेगा, जब तक अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं करता और ईरान के प्रति अपना रुख नहीं बदलता। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह जलमार्ग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर साझा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को नए अमेरिकी क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया। इसके जरिए उन्होंने इस रणनीतिक जलमार्ग पर अमेरिकी नियंत्रण से जुड़े अपने दावे को फिर दोहराया।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के प्रमुख ऊर्जा परिवहन मार्गों में शामिल है। ऐसे में इसके संचालन, जहाजों की आवाजाही और सुरक्षा को लेकर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *