रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की खेती-किसानी का प्रारंभिक चरण लगभग अंतिम दौर में पहुंच गया है। प्रदेश में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 47.40 लाख हेक्टेयर में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। यह लक्ष्य का 97 प्रतिशत है। किसानों को अब तक 12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं।
राज्य सरकार ने किसानों को खेती-किसानी के दौरान खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद और बीज सुगमता से उपलब्ध कराने तथा सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए हैं। वितरण व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रदेश में इस खरीफ सीजन में धान के साथ मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी हुई है। कृषि विभाग के अनुसार मानसून के साथ शुरू हुई खेती में बोनी का रकबा लगातार बढ़ा है।
12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित
खरीफ सीजन 2026 के लिए प्रदेश में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्रों में 16.67 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इसमें से 12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत है।
4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण
बीज निगम ने खरीफ सीजन के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और अब तक 4.58 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित हो चुका है। यह निर्धारित मांग का 93 प्रतिशत है।
औसत से अधिक बारिश
25 अगस्त सुबह तक प्रदेश में 839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। इस अवधि में दर्ज वर्षा पिछले 10 वर्षों के औसत 810.2 मिलीमीटर से 29.2 मिलीमीटर अधिक है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 821.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी।

किसानों को 7778.76 करोड़ रुपये का कृषि ऋण
किसानों को खेती के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण दिया जा रहा है। 24 अगस्त तक चालू खरीफ सीजन में 7778.76 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 6449.95 करोड़ रुपये का ऋण वितरण हुआ था। इस खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
