रायपुर, 28 अगस्त 2026। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 29 अगस्त को शाम 4 बजे से राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया है।
राज्य खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के सभी विधायक, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर होगा। राज्य खेल अलंकरण के माध्यम से विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों और निर्णायकों को भी सम्मानित किया जाएगा। तीन वर्षों के पुरस्कारों को एक साथ प्रदान किए जाने से समारोह का महत्व और बढ़ गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण और टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान किए जाने से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। समारोह के माध्यम से छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का संदेश भी दिया जाएगा।
