रायपुर, 19 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में चालू मानसून सीजन के दौरान अब तक औसत का 96.4 प्रतिशत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 19 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 996.5 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत वर्षा 1033.6 मिमी निर्धारित है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा का वितरण हालांकि मिश्रित रहा है। कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है, जबकि कुछ जिले अब भी सामान्य से पीछे हैं।
सरगुजा संभाग में बलरामपुर जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। यहां सामान्य वर्षा की तुलना में 169.7 प्रतिशत यानी 1488.5 मिमी बारिश हुई है। सूरजपुर में 111.5 प्रतिशत यानी 1138.1 मिमी और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 122.6 प्रतिशत यानी 1139.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं सरगुजा में 77.3 प्रतिशत, जशपुर में 81.2 प्रतिशत और कोरिया में 97 प्रतिशत वर्षा हुई है।
रायपुर संभाग में भी मानसून की स्थिति बेहतर रही है। रायपुर जिले में सामान्य की तुलना में 126.9 प्रतिशत यानी 1091.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। महासमुंद में 120.8 प्रतिशत, गरियाबंद में 118 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 109.7 प्रतिशत और धमतरी में 105.1 प्रतिशत वर्षा हुई है।
बिलासपुर संभाग में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से काफी अधिक 138.5 प्रतिशत यानी 1127.8 मिमी बारिश हुई है। मुंगेली में 112.5 प्रतिशत, जांजगीर-चांपा में 103.4 प्रतिशत, कोरबा में 97.5 प्रतिशत, बिलासपुर में 95.8 प्रतिशत, सक्ती में 95.6 प्रतिशत, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 90.1 प्रतिशत और रायगढ़ में 87.6 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई।
दुर्ग संभाग में बालोद 106.3 प्रतिशत बारिश के साथ आगे है। दुर्ग में 98.3 प्रतिशत, राजनांदगांव में 94.9 प्रतिशत, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 93 प्रतिशत, कबीरधाम में 83 प्रतिशत, बेमेतरा में 75.2 प्रतिशत और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 71.8 प्रतिशत वर्षा हुई है।
बस्तर संभाग में नारायणपुर में सामान्य से अधिक 108.6 प्रतिशत यानी 1376.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। दंतेवाड़ा में 91.4 प्रतिशत, कोण्डागांव में 81.8 प्रतिशत और बस्तर में 80.7 प्रतिशत वर्षा हुई। बीजापुर में 70.3 प्रतिशत और सुकमा में 69.3 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। कांकेर में प्रदेश में सबसे कम 67 प्रतिशत यानी 945.7 मिमी वर्षा हुई है।

19 सितंबर के दैनिक आंकड़ों के अनुसार मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17.3 मिमी, नारायणपुर में 16.5 मिमी और कांकेर में 16.3 मिमी बारिश हुई। वहीं जांजगीर-चांपा, कोण्डागांव और दंतेवाड़ा में दिनभर वर्षा दर्ज नहीं हुई। प्रदेश में 19 सितंबर को औसत दैनिक वर्षा 4.0 मिमी रही।
