दुर्ग। विश्व अल्जाइमर दिवस के अवसर पर दुर्ग में वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, दुर्ग और सेंट्रल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड ब्यूरो सर्विसेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।

कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को अल्जाइमर रोग के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही बढ़ती उम्र में होने वाली मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया गया। मनोरोग चिकित्सक डॉ. लोकेश कुमार रंजन ने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ अल्जाइमर रोग की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय सलाह, समय पर जांच और उचित मार्गदर्शन से बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लोकेश कुमार वर्मा ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ वरिष्ठ नागरिकों को अल्जाइमर सहित कई मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इन्हीं समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। SHABD
