रायपुर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में मंत्रालय महानदी भवन में रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास के क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण पहलों को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में चयनित युवा उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नागरिकों तक शासकीय डिजिटल सेवाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एमओयू हुआ। साथ ही नवा रायपुर में प्रस्तावित नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर, नागरिकों को सरल एवं पारदर्शी शासकीय सेवाएं तथा नई पीढ़ी को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार रोजगार सृजन, कौशल विकास, डिजिटल गवर्नेंस और आधुनिक अधोसंरचना को आपस में जोड़कर विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में उप अभियंता के पद पर चयनित युवा अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर भविष्य के छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं का शहर है। आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं और योजनाबद्ध विकास में नवनियुक्त अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने अभियंताओं से गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों में नियमित भर्तियां की जा रही हैं। रोजगार की संभावनाएं केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। उद्योग, निजी क्षेत्र, उद्यमिता, स्टार्टअप और कौशल विकास के माध्यम से भी युवाओं के लिए व्यापक अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति 2024-30 में रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों के एमओयू हुए हैं। आने वाले वर्षों में लगभग पौने दो लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
डिजिटल गवर्नेंस को गति देने के लिए चिप्स और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच हुए एमओयू के तहत सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नागरिक-केंद्रित सेवाओं को कॉमन सर्विस सेंटर के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की आवश्यकता कम होगी और अधिक सेवाएं उनके नजदीकी केंद्रों पर उपलब्ध हो सकेंगी। कॉमन सर्विस सेंटर और सेवा सेतु केंद्रों पर एकरूप ब्रांडिंग और साइनबोर्ड भी लगाए जाएंगे।

वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक अप्रैल 2025 से अब तक सेवा सेतु पोर्टल पर 54 लाख 23 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक का निराकरण किया गया है। प्रदेश में 28,450 सक्रिय कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से भी 600 से अधिक शासकीय एवं व्यावसायिक सेवाएं नागरिकों को मिल रही हैं।
राज्य सरकार की सेवाओं के साथ केंद्र सरकार की 166 सेवाओं को भी सेवा सेतु से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। इससे एक हजार से अधिक सेवाओं को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयी चक्कर से बचाना और सेवाओं की डिलीवरी में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाना है। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।

नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र भी सौंपा गया। प्रस्तावित संस्थान के निर्माण पर लगभग 250 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यहां प्रतिवर्ष करीब 4 हजार युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देने की व्यवस्था प्रस्तावित है। लगभग 20 अलग-अलग ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा और पाठ्यक्रमों को उद्योगों तथा रोजगार बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर तेजी से आधुनिक अधोसंरचना और राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा एवं कौशल संस्थानों के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभियंता उपस्थित रहे।
