
बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में राज्य स्तरीय एक दिवसीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जय बजरंग व्यायामशाला बालोद द्वारा सरदार पटेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 217 महिला एवं पुरुष पहलवानों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग आयु एवं वजन वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। पहलवानों ने कुश्ती के विभिन्न दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों को आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने और उनसे कुश्ती की तकनीक एवं दांव-पेंच सीखने का अवसर भी मिला। प्रतियोगिता का शुभारंभ कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही कुश्ती की पारंपरिक विधा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश में पारंपरिक कुश्ती खेल को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का प्रयास किया गया। SHABD
