बाढ़ में देवदूत बने SDRF जवान, 255 लोगों को सुरक्षित निकाला, 23 जवान सम्मानित

दुर्ग, 06 अक्टूबर 2026। जिले में 25 से 27 सितंबर के बीच हुई भारी अतिवृष्टि के दौरान शिवनाथ और खारून नदियों सहित करीब 30 स्थानीय नालों में जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान SDRF के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए 255 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें वृद्धजन, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। आपदा के दौरान साहस, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ किए गए सराहनीय बचाव कार्य के लिए SDRF के 23 जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

भारी बारिश के कारण शिवनाथ और खारून नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ जिले के लगभग 30 स्थानीय नालों में भी पानी तेजी से बढ़ा। कई निचले इलाकों और बस्तियों में जलभराव के कारण नागरिक फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रतिकूल मौसम, तेज बहाव और जलभराव के बीच जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। आवश्यकता के अनुसार नागरिकों को राहत शिविरों में भी भेजा गया।

कई इलाकों में चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

SDRF जवानों ने थाना कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम पाहंदा, परसदा और जगदीशबाड़ी, थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्रीनहंट कॉलोनी एवं ग्राम खुरमुड़ा, थाना बोरी क्षेत्र के ग्राम दनिया, थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम डांडेसरा सहित जिला बेमेतरा के बेरला और ग्राम अमलीडीहा में बचाव अभियान चलाया। कई स्थानों पर पानी के तेज बहाव और लगातार बारिश के बीच जवानों ने जोखिम उठाकर लोगों को सुरक्षित निकाला। अभियान के दौरान टीमों ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

23 SDRF जवानों को मिला प्रशस्ति पत्र

आपदा के दौरान उल्लेखनीय बचाव कार्य करने वाले 23 SDRF जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित जवानों में थाना पुलगांव-शिवनाथ नदी क्षेत्र से हवलदार ईश्वर खरे, आरक्षक राजेश नेताम, रमेश कुमार, गोपी पाटिल, राजेश यादव, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, डिल्हार देशमुख, राजू महानंद, चंद्रप्रकाश, कुंजेश देशमुख, राजेश साहू, विनय यादव सहित सैनिक राजू लाल, महेश गंधर्व, भुनेश्वर और भीषम साहू शामिल हैं।

थाना कुम्हारी-खारून नदी क्षेत्र में बचाव कार्य करने वाले आरक्षक हेमराज मेरावी एवं दिलीप कुमार, थाना भिलाई नगर क्षेत्र के जयंती स्टेडियम रूआबांधा में तैनात आरक्षक दिनेश चंद्राकर एवं सैनिक धर्मेन्द्र साहू तथा थाना नेवई-मड़ौदा डेम क्षेत्र में कार्यरत आरक्षक योगेश्वर साहू एवं सैनिक रमेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अतिवृष्टि, बाढ़ अथवा जलभराव की स्थिति में नदी, नाले और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित राहत एवं बचाव दल को सूचना दें। दुर्ग पुलिस ने कहा कि आपदा की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित राहत एवं बचाव के लिए पुलिस तथा SDRF लगातार तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *