रायपुर, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2026 के अंतर्गत 2,292 पदों के लिए दिव्यांगता की श्रेणी के निर्धारण को लेकर संशोधित अधिसूचना जारी की गई है। भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन 16 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी।
समाज कल्याण विभाग ने 25 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना में विभिन्न विभागों के पदों के लिए दिव्यांगता की चिह्नांकित श्रेणियों का उल्लेख किया था। इस अधिसूचना में सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी को चिह्नांकित नहीं किया गया था। इसी आधार पर भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में दिव्यांगता के लिए आरक्षित पदों का निर्धारण किया गया और पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल नहीं किया गया।
इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की, जिसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी को भी शामिल किया गया। हालांकि, इस संशोधित अधिसूचना के जारी होने से पहले ही भर्ती का संक्षिप्त और विस्तृत विज्ञापन जारी किया जा चुका था तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी।

ऐसी स्थिति में संशोधित अधिसूचना के आधार पर पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना विधिक और व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था।
