रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुमान के अनुसार, वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने की संभावना है, जबकि वर्ष 2026 में वैश्विक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने इसे भारत की सुदृढ़ अर्थव्यवस्था, प्रभावी आर्थिक नीतियों और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति विकसित भारत @2047 के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बीते वर्षों में किए गए व्यापक आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में बड़े निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार, विनिर्माण को प्रोत्साहन और उद्यमिता के अनुकूल वातावरण ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ वैश्विक आर्थिक वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में छत्तीसगढ़ अपनी पूरी सामर्थ्य के साथ योगदान दे रहा है। राज्य सरकार विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़ के ध्येय के अनुरूप निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
