रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवा शुरू, धमतरी तक ट्रेन पहुँचने की उम्मीद बढ़ी

सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन के यात्रियों को मिलेगा लाभ, कुरूद से धमतरी तक ब्रॉडगेज रेल लाइन का काम पूरा होने का इंतजार

धमतरी। रायपुर से कुरूद के बीच यात्री रेल सेवा शुरू होने के साथ धमतरी जिले में ब्रॉडगेज रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को नई गति मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रेलखंड में धमतरी जिले के सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन शामिल हैं, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। करीब दस साल से रेल सेवा के विस्तार की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह शुरुआत नई उम्मीद लेकर आई है। अब लोगों की निगाहें कुरूद से धमतरी तक ब्रॉडगेज रेल लाइन का शेष कार्य पूरा होने पर टिकी हैं, ताकि रायपुर से धमतरी तक यात्री ट्रेन का संचालन शुरू हो सके।

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के तहत रायपुर–कुरूद और रावघाट–रायपुर यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ताड़ोकी–रावघाट तथा अभनपुर–कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा की आधारशिला रखी गई। अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद तक लगभग 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा किया गया है। इस मार्ग पर यात्री सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन का एक नया विकल्प मिला है। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

कुरूद में यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत

नई यात्री रेल सेवा के शुभारंभ पर कुरूद में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने रेलगाड़ी से पहुंचे यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर रेलगाड़ी एवं यात्रियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, नगर पालिका कुरूद अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। लंबे समय से रेल सुविधा के विस्तार की बाट जोह रहे क्षेत्रवासियों में इस शुरुआत को लेकर उत्साह देखा गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पहले रायपुर और धमतरी के बीच नैरोगेज रेल सेवा संचालित होती थी। अब इस रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की दिशा में हुई प्रगति से आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता खुला है। कुरूद से धमतरी तक शेष रेल कार्य पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक यात्री रेल सेवा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

रायपुर–कुरूद रेल सेवा की शुरुआत जिले के लिए केवल यातायात सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि व्यापक रेल नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन के माध्यम से जिले के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। अब क्षेत्रवासियों को इंतजार है कि ब्रॉडगेज रेल लाइन का शेष कार्य जल्द पूरा हो और रायपुर से धमतरी तक ट्रेन दौड़ने का सपना साकार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *