फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, भारतीय प्रवासियों ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए बढ़ाया भारतीय दल का उत्साह
नई दिल्ली, 23 जुलाई 2026। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में भारतीय प्रवासियों के साथ ‘चीयर फॉर भारत’ साइकिल रैली में हिस्सा लेकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भाग ले रहे भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ ही दुनिया भर में फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में ग्लासगो में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने केंद्रीय मंत्री के साथ साइकिल रैली में हिस्सा लेकर भारतीय दल के प्रति अपना समर्थन और उत्साह व्यक्त किया। इस दौरान मांडविया ने प्रतिभागियों से बातचीत की और फिट इंडिया अभियान के मूल उद्देश्यों के प्रति उनके उत्साह की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय एथलीट राष्ट्रमंडल खेल 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए ग्लासगो पहुंचे हैं। ऐसे समय में भारतीय प्रवासियों का ‘चीयर फॉर भारत’ पहल के तहत एकजुट होकर भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करना उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि साइकिल रैली के माध्यम से यह संदेश भी पूरी दुनिया तक पहुंचा है कि फिटनेस प्रत्येक व्यक्ति और समाज के लिए जरूरी है।
फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का आह्वान
मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय प्रवासियों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान के साथ उनके निरंतर जुड़ाव और दुनिया भर में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने सभी भारतीयों से फिट इंडिया अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र का निर्माण स्वस्थ और सक्रिय नागरिकों की मजबूत नींव पर ही संभव है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को स्थान देना चाहिए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए।

स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए उपयोगी है साइकिल
केंद्रीय मंत्री ने साइकिल चलाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइकिलिंग केवल फिटनेस को बढ़ावा देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक सक्रियता बढ़ती है, प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है और यातायात की भीड़ को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ‘चीयर फॉर भारत’ साइकिल रैली के माध्यम से दुनिया को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य, पर्यावरण और पृथ्वी की रक्षा में योगदान देने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने सक्रिय जीवनशैली को अपनाने और फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

खेल और फिटनेस के माध्यम से वैश्विक जुड़ाव
‘चीयर फॉर भारत’ पहल भारत सरकार के सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने और खेल तथा फिटनेस की सार्वभौमिक भाषा के माध्यम से भारतीय प्रवासियों के साथ जुड़ाव मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है। इस पहल ने भारतीय समुदाय को भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन के लिए एकजुट करने के साथ ही फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर भी प्रदान किया।
मांडविया राष्ट्रमंडल खेल 2026 के अवसर पर ग्लासगो में भारतीय एथलीटों, अधिकारियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से संवाद कर रहे हैं। उनकी यह पहल खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए सरकार के प्रयासों को वैश्विक स्तर पर मजबूती देने वाली है।
कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों की उत्साही भागीदारी ने यह संदेश दिया कि देश से दूर रहते हुए भी भारतीय समुदाय देश के खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं के साथ मजबूती से खड़ा है। ‘चीयर फॉर भारत’ के माध्यम से भारतीय दल के मनोबल को बढ़ाने के साथ फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा।
