छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। नकदी एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए रोका है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को संदिग्ध वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा चौक के पास चेकिंग पॉइंट लगाया गया। रात करीब 11 बजे पुलिस ने सफेद बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर CG 04 QU 5996 है, को रोककर तलाशी ली।

जांच के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में विशेष बदलाव नजर आने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वाहन को भट्टी थाना ले जाया गया, जहां गुप्त चेंबर खुलवाने पर करीब 4 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन रायपुर के भनपुरी से नकदी लेकर नागपुर की ओर जा रहा था।
वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से नकदी के स्रोत, वास्तविक स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, अब तक रकम से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है।
मामले में हवाला नेटवर्क से संभावित संबंध को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि संदिग्ध वाहन की तलाशी के दौरान गुप्त चेंबर से नकदी बरामद हुई है और इस संबंध में आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस बरामद नकदी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
