केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित

आज जीपीओए-3, नेताजी नगर, नई दिल्ली में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता अन्नपूर्णा देवी माननीया केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने की। बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ समिति के मनोनीत संसद सदस्य और गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए माननीया मंत्री जी ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतांत्रिक संवाद, जनभागीदारी और सुशासन का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सरकारी कामकाज में प्रयुक्त होने वाली हिंदी सरल, सहज और आम जनता के लिए बोधगम्य होनी चाहिए ताकि सरकार की कल्याणकारी नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक आसानी से पहुंच सकें।

बैठक के दौरान, मंत्रालय के विभिन्न प्रभागों, सांविधिक निकायों और स्वायत्तशासी निकाय में राजभाषा नीति के क्रियान्वयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि पिछले कुछ समय में हिंदी में पत्राचार, डिजिटल संचार और आधिकारिक वेबसाइटों पर द्विभाषी (Bilingual) उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *