एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया को वायुसेना का उप प्रमुख नियुक्त किया गया

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया, एवीएसएम, वीएम को 1 नवंबर, 2026 से वायुसेना का उप प्रमुख (वीसीएएस) नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत हैं।

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं और 11 जून, 1988 को भारतीय वायुसेना (आईएएफ) की लड़ाकू विमान शाखा में कमीशन हुए थे। उन्हें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई के सभी संस्करणों को उड़ाने का अनुभव है। लगभग चार दशकों के अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कई कमान और स्टाफ संबंधी जिम्मेदारियां संभाली हैं। एयर मार्शल ने अग्रिम पंक्ति के एक लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन और ‘टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट’ (टीएसीडीई) की कमान संभाली है। इसके अलावा, वे वायुसेना स्टेशन बरेली के एयर ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं। उन्होंने ब्रिटेन में उन्नत कमान एवं स्टाफ पाठ्यक्रम और बांग्लादेश के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इंद्रपाल सिंह वालिया भारतीय वायुसेना के वायु स्टाफ निरीक्षण निदेशालय (डीएएसआई) के प्रमुख रहे हैं। उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया स्थित भारतीय दूतावासों में रक्षा अताशे के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा, वे पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ वायु कार्मिक अधिकारी के पद पर भी कार्यरत रहे हैं।

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को पढ़ने का विशेष शौक है और उनके पास रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में तीन स्नातकोत्तर डिग्रियां हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2008 में वायु सेना पदक (वीएम) और वर्ष 2018 में अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) से सम्मानित किया गया था। उन्होंने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का स्थान लिया है, जो 31 अक्टूबर 2026 को वायुसेना के 29वें प्रमुख का पदभार ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *