रायपुर, 2 नवंबर 2026/ नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में शिल्पग्राम की साज-सज्जा अनायास ही जनमानस को मुग्ध कर रही है। शिल्पग्राम की खूबसूरत सजावट में धातुओं से बनी बेहतरीन कलाकृतियां हों, मिट्टी और लकड़ियों में की गई कारीगरी, सिल्क हो या कपड़े, चारों ओर कारीगरी की बेजोड़ दुनिया दिखाई दे रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह स्थान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश ‘वोकल फॉर लोकल’ को आत्मसात करता दिखाई दे रहा है। शिल्पग्राम में स्थानीय उत्पादों को जिस तरह प्रस्तुत किया गया है, उससे यह अभिव्यक्त हो रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रधानमंत्री के संदेश को साकार कर रहे हैं।

शिल्पग्राम में हथकरघा के उत्पादों में लोगों की खासी दिलचस्पी है। साड़ियां, शर्ट और अन्य उत्पादों से लेकर घर के लिए सजावटी सामानों की विविधता शिल्पग्राम को लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रही है। कोशल फैब का स्टॉल बरबस ही सबका ध्यान अपनी तरफ खींचता है। कोशल फैब ब्रांड की जानकारी देते हुए रीतेश कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त महीने में ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड कोशल फैब की लॉन्चिंग की थी। इस दौरान इन्वेंट्री मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर का भी शुभारंभ किया गया था, जिससे नवाचारों के लिए लोकल टू ग्लोबल का सफर आसान बनाया जा सके।

‘लूम टू लग्जरी’ की अवधारणा पर आधारित यह प्रीमियम ब्रांड छत्तीसगढ़ के कोसा एवं पारंपरिक हथकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने तथा उन्हें वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शिल्पग्राम में बस्तर की विशिष्ट कलाकृतियां भी लोगों के कौतूहल का केंद्र बनी हुई हैं। विभिन्न अंचलों की लोककलाओं और परंपराओं को कलाकृतियों में जिस तरह उकेरा गया है, उसका सौंदर्य देखते ही बनता है। झारा आर्ट और वैक्स तकनीक को लेकर आगंतुक खासी जिज्ञासा दिखा रहे हैं। शिल्पग्राम में स्थानीय उत्पादों से तो आगंतुक रूबरू हो ही रहे हैं, यहां सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है, जहां सेल्फी लेते लोगों का हुजूम देखा जा सकता है।

राज्योत्सव मुख्य मंच के ठीक सामने स्थित शिल्पग्राम में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए भी जिला प्रशासन ने मंच उपलब्ध कराया है। यहां स्थानीय कलाकारों की मोहक प्रस्तुतियों से लोगों के चेहरों पर आनंद, उत्साह और उल्लास दिखाई दे रहा है।

