पुणे को 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं की सौगात, प्रधानमंत्री मोदी ने पिंक लाइन का किया उद्घाटन, चार नए कॉरिडोर की रखी आधारशिला

पुणे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे की लगभग 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। इन परियोजनाओं से पुणे के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को विस्तार मिलेगा और शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक तथा सूचना प्रौद्योगिकी केंद्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा।

प्रधानमंत्री ने 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित पुणे मेट्रो की लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया। लगभग 23 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मान से डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक फैला है। इसके माध्यम से हिंजवडी के प्रमुख आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी स्थापित हुई है। इससे हजारों आईटी पेशेवरों, कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस परियोजना की सबसे खास विशेषता महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहल है। पिंक लाइन का संचालन पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटरों द्वारा किया जाएगा। इसे सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में महिला भागीदारी को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर की कुल बिजली आवश्यकता का लगभग 30 प्रतिशत सौर ऊर्जा से पूरा करने की योजना बनाई गई है।

पिंक लाइन के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से जुड़ने के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने, यातायात का दबाव कम करने और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। इस लाइन पर यात्री सेवाएं 4 नवंबर से शुरू करने की तैयारी की गई है। प्रारंभिक चरण में 23 में से 17 स्टेशन यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगे।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की लगभग 13,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसमें लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल हैं। लाइन 2ए वनाज से चांदनी चौक तथा लाइन 2बी रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी को जोड़ेगी। इन दोनों लाइनों की कुल लंबाई लगभग 12.75 किलोमीटर होगी।

दूसरे चरण की लाइन-4 लगभग 25.52 किलोमीटर लंबी होगी, जो खराड़ी से खडकवासला तक संपर्क स्थापित करेगी। वहीं, लाइन-4ए लगभग 6.12 किलोमीटर लंबी होगी और नल स्टॉप से माणिकबाग तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

इन नए कॉरिडोर के माध्यम से खराड़ी, मगरपट्टा, हड़पसर, स्वारगेट, माणिकबाग, नांदेड़ सिटी, पुणे कैंटोनमेंट और वारजे जैसे प्रमुख क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो सुविधा मिलेगी। स्वारगेट, नल स्टॉप और खराड़ी बाईपास पर इंटरचेंज सुविधाओं के माध्यम से नए कॉरिडोर मौजूदा मेट्रो नेटवर्क और अंतरशहरी बस सेवाओं से भी जुड़ेंगे।

New Delhi: PM Modi Meets IAS Officers

केंद्र और महाराष्ट्र सरकार की इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से पुणे के शहरी परिवहन ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि शहर में यातायात प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *