तीन कर्मचारियों ने हासिल किए प्रथम पुरस्कार, तीन को द्वितीय और एक को मिला तृतीय पुरस्कार
नई दिल्ली में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय कार्य कौशल प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों ने दिखाया तकनीकी कौशल और उत्कृष्ट कार्य दक्षता।
भिलाई, 10 नवंबर 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 36वीं नेशनल वर्क स्किल्स कॉम्पिटिशन में सात पुरस्कार अपने नाम किए हैं। नई दिल्ली में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में बीएसपी के कर्मचारियों ने तीन प्रथम, तीन द्वितीय और एक तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर संयंत्र को गौरवान्वित किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपलक्ष्य में संयंत्र के डीआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने सभी विजेता कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी सहित संयंत्र के सभी कार्यपालक निदेशकों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता, कठिन परिश्रम, समर्पण और निरंतर सीखने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कर्मचारियों की उपलब्धि संयंत्र के अन्य कार्मिकों को भी अपने कौशल को विकसित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। समारोह में वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में कारपेंट्री विधा में मटेरियल रिकवरी डिपार्टमेंट (एमआरडी) के राम साजन, इलेक्ट्रीशियन विधा में ब्लास्ट फर्नेस विभाग के अखिल कुमार राठौर तथा फिटर विधा में पीएनबीएस के राजेश कुमार नायक ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं, फिटर विधा में कोक ओवन विभाग के प्रभुचरण जेना, प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर (पीएलसी) विधा में ऑटोमेशन एंड ड्राइव्स (ए एंड डी) विभाग के बी. वेंकट अप्पाराव तथा टर्नर विधा में बार एंड रॉड मिल के माझा हांसदा ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। इसी प्रकार, पीएलसी विधा में ए एंड डी विभाग के कुंद्रापु गणेश ने तृतीय पुरस्कार जीतकर संयंत्र की उपलब्धियों में एक और कड़ी जोड़ी।
इस सफलता में मानव संसाधन विकास विभाग के लर्निंग एंड डेवलपमेंट (एचआर-एल एंड डी) प्रभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने प्रतिभागियों की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम, नियमित अभ्यास सत्र और तकनीकी कौशल विकास गतिविधियां संचालित कीं। इसके साथ ही संयंत्र के अनुभवी विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि सभी विजेता कर्मचारियों ने क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व किया। बीएसपी वर्ष 2008 से क्षेत्रीय और राष्ट्रीय कार्य कौशल प्रतियोगिताओं में निरंतर भागीदारी कर रहा है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने, कौशल का मूल्यांकन कराने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलता है।

बीएसपी कर्मचारियों की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत, तकनीकी दक्षता और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि संयंत्र में कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और कार्य उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को भी रेखांकित करती है।
