केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आईआईटीएफ 2026 में ईपीएफओ लाउंज और ईएसआईसी पैवेलियन का उद्घाटन किया

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) लाउंज और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) पैवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (सीपीएफसी) रमेश कृष्णमूर्ति, ईएसआईसी के महानिदेशक अशोक कुमार सिंह और ईपीएफओ और ईएसआईसी दोनों संस्थाओं के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह के बाद डॉ. मांडविया ने विभिन्न कियोस्क पर दी जा रही सुविधाओं और पहलों का जायजा लिया और वहां आए लोगों से बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने नागरिकों पर केंद्रित और तकनीक-आधारित उन पहलों की सराहना की, जिनका उद्देश्य श्रमिकों, पेंशनभोगियों, नियोक्ताओं और आम जनता के लिए सामाजिक सुरक्षा सेवाओं को अधिक सुलभ, कुशल और आकर्षक बनाना है।

ईपीएफओ लाउंज

ईपीएफओ लाउंज में कठपुतलियों का एक दिलचस्प प्रदर्शन (‘राजा रैंचो’) है, जो ईपीएफओ के फायदों के बारे में बताता है। यहां कई खास कियोस्क भी हैं जो कई तरह की सहायता प्रदान करते हैं। इनमें शिकायतों के समाधान के लिए ‘निधि आपके निकट’/शिकायत निवारण कियोस्क; ऑनलाइन मार्गदर्शन, क्लेम फाइल करने और केवाईसी सुधार के लिए ‘ई-सर्विसेज डेस्क’; प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना/फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी कियोस्क; ईपीएफओ की नई योजनाओं के बारे में जानकारी देने वाला कियोस्क; पेंशन संबंधी सवालों और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के लिए पेंशन हेल्प डेस्क तथा रोजगार और सामाजिक सुरक्षा सेवाओं के लिए नेशनल करियर सर्विसेज (एनसीएस)/ ई-श्रम कियोस्क शामिल हैं।

ईएसआईसी पैवेलियन

ईएसआईसी पैवेलियन में आने वाले लोगों के लिए कई जन-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें मुफ्त स्वास्थ्य जांच (जिसमें ब्लड प्रेशर की जांच और ब्लड ग्लूकोज टेस्ट शामिल हैं), मौके पर ही आधार सीडिंग और काउंटर पर ही शिकायतों का समाधान शामिल है। इसके अलावा यहां दिल्ली और हरियाणा के वरिष्ठ ईएसआईसी अधिकारियों से आमने-सामने संवाद करने का मौका भी मिलता है। जागरूकता को इंटरैक्टिव और दिलचस्प बनाने के लिए इस पैवेलियन में डिजिटल स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन, ईएसआईसी को जानें क्विज, ‘सेल्फी लें और डॉक्टर बनें’ जैसी इंटरैक्टिव गतिविधियों के साथ ही भाग्यशाली प्रतिभागियों के लिए रोजाना गुडी बैग और अन्य उपहार शामिल हैं। इसके अलावा क्यूआर-कोड पर आधारित एक अनूठी डायरेक्ट फीडबैक व्यवस्था शुरू की गई है। बीमा आयुक्त रोजाना इन प्रतिक्रियाओं की निगरानी करते हैं, ताकि आम लोगों के सुझाव प्रबंधन के सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच सकें।

आईआईटीएफ 2026 के दौरान 14 से 27 नवंबर 2026 तक ये दोनों जगहें आगंतुकों के लिए खुली रहेंगी। ये भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 में स्थित हैं, जहां ईपीएफओ लाउंज ग्राउंड फ्लोर (स्टॉल नंबर 8ए) पर और  ईएसआईसी पैवेलियन फर्स्ट फ्लोर (स्टॉल नंबर 4एफ-05-A) पर स्थित है। श्रमिकों, पेंशनभोगियों, नियोक्ताओं, उनके परिवारों और आम जनता को दोनों स्टॉलों पर आने के लिए सादर आमंत्रित किया जाता है। यहां मौके पर ही मिलने वाली सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है। विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया सकता है और सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *