प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ने अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा को रवाना किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने आज नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा को संयुक्त रूप से रवाना किया।

भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की गई इस रेल सेवा का नाम ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रखा गया है। इस रेलगाड़ी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से अपनी पहली यात्रा शुरू की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित थे।

यह रेल सेवा रामायण परंपरा से जुड़े दो महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों को आपस में जोड़ेगी। इनमें माता सीता की जन्मस्थली के रूप में पूजनीय जनकपुर धाम और भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या शामिल हैं।

यह रेलगाड़ी नियमित रूप से सप्ताह में एक दिन 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान यह उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी। इसके प्रमुख ठहराव गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर में होंगे।

इस रेल सेवा से जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी। साथ ही, रामायण से जुड़े पर्यटन सर्किट को बढ़ावा मिलेगा। शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

यह रेल सेवा सीमापार संपर्क, धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *