पहले नगर निगम में नौकरी का दिया भरोसा, फिर मंत्रालय में नियुक्ति कराने के नाम पर वसूली रकम; सुपेला पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
दुर्ग, 23 नवंबर 2026। सरकारी नौकरी पाने की चाह रखने वाले युवाओं को झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 5 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने मध्यप्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले नगर निगम रायपुर में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बाद में मंत्रालय में नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाकर प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये वसूल किए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
नगर निगम में नौकरी का झांसा देकर जीता भरोसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तापस मंडल ने आरोपी अंकित कुमार रैकवार के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत न्यायालय में प्रस्तुत की थी। आरोप है कि आरोपी ने शुरुआत में नगर निगम रायपुर में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर प्रार्थी से 50 हजार रुपये लिए थे। हालांकि, नौकरी नहीं लगने पर आरोपी ने यह रकम वापस कर दी। इससे प्रार्थी का उस पर भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद आरोपी ने मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने 21 मई 2025 से 24 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से कुल 5 लाख 90 हजार रुपये दे दिए। इसके बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही पूरी रकम वापस की गई।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला
लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने और रकम वापस नहीं होने पर प्रार्थी ने न्यायालय में शिकायत की। न्यायालय के आदेश पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1202/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही संबंधित बैंक खातों के लेनदेन की जानकारी जुटाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, आरोपी को विवेचना में शामिल होने के लिए कई बार निर्देशित किया गया, लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
छतरपुर में दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार
फरार आरोपी की तलाश में जुटी सुपेला पुलिस की टीम ने 23 नवंबर को मध्यप्रदेश के छतरपुर में दबिश देकर अंकित कुमार रैकवार को हिरासत में लिया। उसे दुर्ग लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से रकम प्राप्त करने और खर्च करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने प्रार्थी को 10 हजार रुपये लौटाने की बात भी बताई।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अंकित कुमार रैकवार (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 69, साईं मंदिर के पीछे, शिवम विहार, रायपुर, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक लेखन साहू एवं आरक्षक रमेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले उसकी विश्वसनीयता और दावों का सत्यापन अवश्य करें। शासकीय नियुक्तियां निर्धारित नियमों और आधिकारिक भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से ही की जाती हैं। नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे मांगने वाले दलालों और संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
