नक्सल-मुक्त भारत : एकीकृत रणनीति से वामपंथी उग्रवाद पर निर्णायक विजय, 12 वर्षों में बदली बस्तर की तस्वीर

31 मार्च 2026 को देश ने हासिल किया ऐतिहासिक लक्ष्य, सुरक्षा के साथ विकास, पुनर्वास और जनजातीय कल्याण ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

नई दिल्ली। भारत ने वामपंथी उग्रवाद से मुक्ति की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। देश का कोई भी जिला अब वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों की श्रेणी में नहीं है। केंद्र सरकार की सुरक्षा, विकास, पुनर्वास और सुशासन पर आधारित एकीकृत रणनीति ने लगभग छह दशक पुरानी इस चुनौती को निर्णायक रूप से कमजोर किया है। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भारत सरकार ने 24 नवंबर को ‘नक्सल-मुक्त भारत’ विषय पर जारी विशेष आलेख में इस परिवर्तन की विस्तृत जानकारी साझा की है।

आलेख के अनुसार, 31 मार्च 2026 भारत की आंतरिक सुरक्षा के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि का दिन बना। वर्ष 2014 में देश के 126 जिले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित थे। इनमें 35 जिले सर्वाधिक प्रभावित श्रेणी में शामिल थे। लगातार सुरक्षा अभियानों और विकास कार्यों के परिणामस्वरूप मार्च-अप्रैल 2026 तक प्रभावित जिलों की संख्या शून्य हो गई।

सुरक्षा और विकास की चार सूत्रीय रणनीति

सरकार ने वर्ष 2015 में वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति एवं कार्ययोजना लागू की। इसके अंतर्गत सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना, प्रभावित क्षेत्रों का तीव्र विकास, स्थानीय समुदायों के अधिकारों एवं सुविधाओं की सुनिश्चितता तथा जनधारणा प्रबंधन को प्रमुख आधार बनाया गया।

वर्ष 2014 के बाद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 668 नए सुरक्षा शिविर स्थापित किए गए तथा 615 सुदृढ़ पुलिस थानों का निर्माण किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की त्वरित आवाजाही के लिए 68 नाइट लैंडिंग हेलीपैड भी बनाए गए। कोबरा, सीआरपीएफ, डीआरजी और एसटीएफ जैसी विशेष इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। ड्रोन, उपग्रह चित्रों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों का उपयोग भी सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

8,526 नक्सलियों ने डाले हथियार

पुनर्वास नीति के माध्यम से हिंसा का रास्ता छोड़ने वालों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए गए। नवंबर 2026 तक लगभग 8,526 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों को आर्थिक सहायता, मासिक वजीफा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

वर्ष 2025 में 2,337 नक्सलियों ने हथियार डाले थे। सुरक्षा कार्रवाई और पुनर्वास के संयुक्त प्रयासों ने प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास का वातावरण तैयार किया।

बस्तर में विकास की नई इबारत

छत्तीसगढ़ का बस्तर इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभरा है। यहां पिछले 12 वर्षों में 3,240 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया और 889 मोबाइल टावर स्थापित किए गए। लगभग 890 डाकघर स्थापित कर दूरस्थ गांवों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाई गई।

बस्तर में 2017 में बस्तरिया बटालियन का गठन भी महत्वपूर्ण कदम रहा। इसमें बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा के लगभग 400 स्थानीय युवाओं सहित कुल 1,143 कर्मियों की भर्ती की गई। स्थानीय युवाओं की भागीदारी से सुरक्षा बलों और समुदायों के बीच विश्वास मजबूत हुआ।

जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में 240 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भी संचालित हो चुका है। इसके अतिरिक्त 259 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय स्वीकृत किए गए, जिनमें 179 विद्यालय संचालित हैं। लगभग 90 हजार युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है।

सुरक्षा शिविर बनेंगे सेवा डेरा केंद्र

नक्सलवाद से मुक्त क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए सुरक्षा शिविरों के एक तिहाई हिस्से को एकीकृत विकास केंद्रों अर्थात सेवा डेरा केंद्रों में परिवर्तित किया जा रहा है। इन केंद्रों पर सरकारी योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य सुविधाएं, बैंकिंग सेवाएं, कृषि सहायता, कौशल विकास और रोजगार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बस्तर में ऐसे पांच केंद्रों को विकसित करने के लिए राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, अहमदाबाद के साथ समझौता किया गया है।

बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को भी मिलेगा प्रोत्साहन

सरकार ने विकास के साथ जनजातीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक उत्सवों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने स्थानीय युवाओं और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया है।

पीआईबी के अनुसार, नक्सल-मुक्त भारत की उपलब्धि केवल हिंसा के एक अध्याय का अंत नहीं, बल्कि शांति, समावेश, सम्मान और विकास के नए युग की शुरुआत है। अब चुनौती इस उपलब्धि को स्थायी बनाते हुए प्रभावित समुदायों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *