एनआईटी रायपुर में ‘डिजाइन फॉर भारत यूथ इनोवेशन चैलेंज 2027’ के तहत जूरी सत्र का आयोजन

छत्तीसगढ़ की 14 टीमों ने कृषि, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और सतत विकास से जुड़े नवाचार प्रस्तुत किए

चयनित टीमें नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में करेंगी राज्य का प्रतिनिधित्व

रायपुर, 26 नवंबर 2026। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत ‘डिजाइन फॉर भारत यूथ इनोवेशन चैलेंज 2027’ के लिए जूरी सत्र का आयोजन किया गया। इस वर्ष की प्रतियोगिता का विषय “जीवन में परिवर्तन, सशक्त भारत का निर्माण” (Transforming Lives, Building Stronger India) रखा गया है।

जूरी पैनल में प्रख्यात शिक्षाविद् एवं विशेषज्ञ शामिल थे, जिनमें डॉ. अबीर बंद्योपाध्याय, प्रोफेसर, वास्तुकला एवं योजना विभाग; डॉ. इश्तियाक अहमद, एसोसिएट प्रोफेसर, सिविल इंजीनियरिंग विभाग; डॉ. शारदा भारती, सहायक प्रोफेसर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग; प्रो. कविता बिस्वास शर्मा, सहायक प्रोफेसर, वास्तुकला एवं योजना विभाग तथा डॉ. श्रुति नागदेवे, प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी (डिजाइन फॉर भारत) शामिल रहीं।

इस सत्र में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की कुल 14 टीमों ने अपने नवाचारपूर्ण विचार एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। प्रतिभागियों के प्रस्तावों में कृषि, कनेक्टिविटी एवं परिवहन, सतत विकास, स्वास्थ्य एवं कल्याण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर समाधान प्रस्तुत किए गए। इन नवाचारों के माध्यम से युवाओं ने समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान और देश के विकास में तकनीक एवं रचनात्मक सोच की उपयोगिता को सामने रखा।

विशेषज्ञ जूरी द्वारा प्रस्तुत विचारों का मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके पश्चात विजेता टीमों का चयन किया जाएगा। चयनित टीमें प्रतियोगिता के अगले चरण में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। साथ ही, उन्हें नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में अपने नवाचारों को प्रस्तुत करने का अवसर भी मिल सकता है।

इस आयोजन के माध्यम से एनआईटी रायपुर ने युवाओं में नवाचार, रचनात्मकता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। प्रतियोगिता युवाओं को अपने विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने तथा विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का मंच प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *