युवतियों को कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनाने की पहल, हरिद्वार में 28 नवंबर को लॉन्च होगा नव्या 2.0

100 जिलों और 24 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगी योजना, 16 से 25 वर्ष की युवतियों को मिलेगा लाभ

नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026। किशोरियों और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय संयुक्त रूप से 28 नवंबर को उत्तराखंड के हरिद्वार में नव्या 2.0 (NAVYA 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवतियों की प्रतिभा को निखारना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत अकादमी सभागार में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में योजना का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक तथा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत भी शामिल होंगे।

100 जिलों तक होगा विस्तार

नव्या 2.0 को पूर्व में संचालित पायलट परियोजना के अनुभवों के आधार पर अधिक व्यापक स्वरूप दिया गया है। इसके तहत अब देश के 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 100 जिलों में किशोरियों एवं युवतियों को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना में लाभार्थियों की आयु सीमा भी बढ़ाई गई है। पहले यह 16 से 18 वर्ष तक की किशोरियों के लिए थी, जिसे अब बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दिया गया है। इससे बड़ी संख्या में युवतियों को प्रशिक्षण और रोजगारपरक अवसरों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

आधुनिक और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण

इस योजना के अंतर्गत युवतियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तकनीक, नए रोजगार क्षेत्रों और गैर-पारंपरिक व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवतियों को रोजगार, प्रशिक्षुता और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है। डिजिटल साक्षरता, वित्तीय जागरूकता, व्यावसायिक तैयारी और स्वरोजगार संबंधी क्षमताओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पहले चरण में 1,200 किशोरियों को मिला प्रशिक्षण

नव्या की शुरुआत 24 जून 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से पायलट परियोजना के रूप में हुई थी। इसके तहत 19 राज्यों में 27 आकांक्षी जिलों को शामिल किया गया था। पहले चरण में लगभग 1,200 किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन, सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापना सहायक और फैशन डिजाइनिंग जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, संवाद कौशल और उद्यमिता की जानकारी भी प्रदान की गई।

डिजिटल माध्यम से होगी प्रशिक्षण की निगरानी

नव्या 2.0 के क्रियान्वयन में स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से युवतियों का पंजीयन, उपस्थिति, प्रशिक्षण की प्रगति और प्रमाणन संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी। डिजिटल सत्यापन योग्य प्रमाणपत्रों से प्रशिक्षित युवतियों को अपनी दक्षता और योग्यता प्रमाणित करने में भी सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों तथा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत निर्मित नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।

नव्या 2.0 महिला नेतृत्व वाले विकास की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सरकार का लक्ष्य किशोरियों और युवतियों को शिक्षा एवं प्रशिक्षण से आगे बढ़ाकर आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और उद्यमिता में सक्रिय भागीदारी के योग्य बनाना है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *