माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क पर सुरक्षा बलों की बड़ी चोट, स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे थे 33 सोने के बिस्किट
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादी नेटवर्क के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास घने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादियों का करोड़ों रुपये का डम्प बरामद किया गया है। तलाशी अभियान के दौरान एक स्टील के डिब्बे से 3 किलो 840 ग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। नकदी को मिलाकर इस बरामदगी का कुल मूल्य लगभग 4 करोड़ 53 लाख 22 हजार 500 रुपये आंका गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त तलाशी अभियान की योजना बनाई गई। इसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), भैरमगढ़ थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम को अभियान के लिए रवाना किया गया।
जमीन के नीचे स्टील के डिब्बे में छिपा था सोना
सुरक्षा बलों की टीम ने भैरमगढ़ थाना मुख्यालय से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के आसपास चिन्हित जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई की। इसी क्रम में जमीन के भीतर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ।
डिब्बे को खोलकर जांच करने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला था। इस तरह कुल 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम सोना बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। डिब्बे में टेप से लिपटा एक अलग पैकेट भी मिला, जिसमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये रखे हुए थे।
पुलिस ने बरामद सोने और नकदी को जब्त कर लिया है। इनके संबंध में भैरमगढ़ थाने में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ रुपये नकद बरामद
बीजापुर जिले में माओवादी नेटवर्क के आर्थिक संसाधनों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग स्थानों से अब तक माओवादी डम्प के रूप में कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
लगातार हो रही इन बरामदगियों को माओवादी संगठन की आर्थिक गतिविधियों और संसाधनों पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है। जंगलों के दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखी गई संपत्ति का पता लगाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा सघन तलाशी अभियान जारी है।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस के जवानों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम के बीच अभियान को अंजाम देने वाले जवानों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय है। सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई माओवादी नेटवर्क की आर्थिक ताकत को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

