सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय जेल रायपुर में मुलाकात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव, चयनित सामग्री अब जेल कैंटीन से मिलेगी

रायपुर, 31 जुलाई 2026/ केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों की सुरक्षा और जेल परिसर में अनुशासन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुलाकात एवं दैनिक उपयोग की सामग्रियों से संबंधित व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। जेल प्रशासन ने यह कदम हाल ही में बंदियों से मुलाकात के दौरान कुछ परिजनों द्वारा दैनिक उपयोग की सामग्रियों में प्रतिबंधित वस्तुएं छिपाकर जेल परिसर के भीतर पहुंचाने के प्रयास सामने आने के बाद उठाया है। हालांकि, जेल प्रशासन की सघन तलाशी और सतर्क सुरक्षा व्यवस्था के कारण ऐसे सभी प्रयासों को समय रहते विफल कर दिया गया तथा प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।

अधीक्षक, केंद्रीय जेल रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा भविष्य में प्रतिबंधित वस्तुओं के संभावित प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। इसी के तहत बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित सामग्रियों को अब जेल परिसर स्थित कैंटीन से क्रय कर बंदियों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था सभी प्रकार की दैनिक उपयोग की सामग्रियों पर लागू नहीं होगी। बंदियों के लिए स्वीकृत अन्य सामग्री को उनके परिजन पूर्व की तरह निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार स्वयं उपलब्ध करा सकेंगे। इस संबंध में जेल प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा, ताकि मुलाकात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और जेल की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

जेल प्रशासन के अनुसार चयनित सामग्रियों को जेल कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य बंदियों तक पहुंचने वाली वस्तुओं की जांच और निगरानी को अधिक प्रभावी बनाना है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि दैनिक उपयोग के नाम पर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री जेल परिसर के भीतर न पहुंच सके। जेल प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यकतानुसार समय-समय पर जांच और निगरानी की प्रक्रिया को भी और प्रभावी बनाया जा रहा है।

यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है। इसका उद्देश्य बंदियों और उनके परिजनों को अनावश्यक असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि जेल परिसर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। जेल प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों की समीक्षा के बाद इस अस्थायी व्यवस्था में आवश्यकतानुसार आगे निर्णय लिया जाएगा।

जेल कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी चयनित सामग्रियों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रशासन के अनुसार बंदियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण होगी और उनकी दरें सामान्य बाजार दरों की तुलना में कम निर्धारित की गई हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इस अस्थायी व्यवस्था के कारण बंदियों के परिजनों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े।

जेल प्रशासन ने बंदियों के परिजनों से अपील की है कि वे जेल की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और मुलाकात के दौरान किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु या नियम विरुद्ध सामग्री जेल परिसर में लाने का प्रयास न करें। निर्धारित नियमों का पालन करने से मुलाकात प्रक्रिया सुचारु बनी रहेगी और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत रखने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *