रायपुर, 1 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की डिजिटल सुशासन नीति के तहत आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और सुविधाजनक लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में ‘सेवा सेतु’ पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। धमतरी जिले में इस एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है और आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनी है।
धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए गए डिजिटल जाति प्रमाण पत्र हितग्राहियों को वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की सराहना की।

टंक राम वर्मा ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ पोर्टल राज्य सरकार की नागरिक-केंद्रित सुशासन की सोच का प्रभावी उदाहरण है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से शासन और आम जनता के बीच की दूरी कम हो रही है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
एकीकृत प्लेटफॉर्म पर 441 से अधिक सेवाएं
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न प्रमुख विभागों की सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है। राजस्व और प्रमाण पत्र सेवाओं के अंतर्गत आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित नामांतरण तथा भू-अभिलेख से जुड़ी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
इसके अलावा सामाजिक एवं नागरिक सेवाओं के तहत विवाह पंजीयन, नाम में संशोधन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित आवेदन भी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किए जा सकते हैं। श्रम सहित अन्य विभागों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और प्रक्रियाओं को भी डिजिटल माध्यम से नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है।

आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग से बढ़ी पारदर्शिता
सेवा सेतु पोर्टल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग और निर्धारित समय-सीमा में उसके निराकरण की व्यवस्था शामिल है। नागरिक अपने आवेदन की स्थिति को ऑनलाइन देख सकते हैं, जिससे उन्हें बार-बार संबंधित कार्यालय में जाकर जानकारी लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
इस डिजिटल व्यवस्था से नागरिकों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है। साथ ही, शासकीय सेवाओं के वितरण की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन रही है। डिजिटल माध्यम से आवेदन और उसके निराकरण की निगरानी होने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भी तेजी आई है।
‘सेवा सेतु’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ में डिजिटल तकनीक को सुशासन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल नागरिकों को सरल, सुलभ और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। धमतरी में 441 से अधिक ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता डिजिटल शासन की दिशा में राज्य की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
