ग्रामीण उद्यमिता का मार्ग है संभागीय सरस मेला: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायपुर, 03 अगस्त 2026/ कबीरधाम जिले के भोरमदेव मंदिर चौरा में आयोजित पांच दिवसीय संभागीय सरस मेला का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि संभागीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को नई दिशा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक है।

सरस मेला में स्वदेशी, प्राकृतिक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की प्रदर्शनी सह विक्रय किया जा रहा है। यह आयोजन महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों के लिए सफलता के नए अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है। उद्घाटन के दौरान छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, वीरेंद्र साहू, लोकचंद साहू, संतोष पटेल, विदेशी राम धुर्वे, कलेक्टर गोपाल वर्मा, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी और स्व-सहायता समूह की दीदियां उपस्थित रहीं।

मेले में लगे स्टॉलों का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अवलोकन किया तथा महिला समूहों से उनके उत्पादों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्टॉल से खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सफल व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि सावन माह में आयोजित यह मेला 06 अगस्त की शाम तक चलेगा। विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर की पावन एवं ऐतिहासिक धरा पर आयोजित यह मेला केवल खरीदारी का अवसर नहीं, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मेले में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां ताजे एवं पौष्टिक मिलेट उत्पाद, घरेलू खाद्य सामग्री, वनोपज आधारित स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प एवं हथकरघा सामग्री, बांस एवं बेंत से बने आकर्षक उत्पाद, घरेलू सजावटी वस्तुएं, पारंपरिक परिधान सहित अनेक स्वदेशी सामग्री उपलब्ध हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभागीय सरस मेला आयोजित किया गया है। प्रत्येक खरीदारी ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वदेशी भारत के संकल्प को मजबूत करेगी। मेले में जैविक खाद्य सामग्री, आकर्षक सजावटी सामान सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं कम दरों पर उपलब्ध हैं। उन्होंने जिलेवासियों से सावन के पवित्र महीने में बाबा भोरमदेव के दर्शन के साथ सरस मेले का लाभ उठाने की अपील की।

पंडवानी और शिव तांडव ने मोहा मन

प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तरुणा साहू की पंडवानी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। द्रौपदी चीरहरण सहित अन्य प्रसंगों की मार्मिक प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल बोड़ला के बच्चों ने शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सरस मेला में उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया।

उल्लेखनीय है कि संभागीय सरस मेला में दुर्ग संभाग के कबीरधाम सहित दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित अन्य जिलों के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी सह विक्रय के लिए 50 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों में हल्दी, मिर्च, धनिया, कोदो-कुटकी, कटहल, आम, नींबू और महुआ के अचार, पापड़, ब्लैक राइस, अगरबत्ती, दोना-पत्तल, बैग, श्रृंगार सामग्री, हैंडबैग सहित अनेक आकर्षक उत्पाद उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *