हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के साथ निकली भोरमदेव पदयात्रा, शिवमय हुआ कबीरधाम

रायपुर, 03 अगस्त 2026/ श्रावण मास के प्रथम सोमवार को कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक, पुरातात्विक, पर्यटन एवं जनआस्था के केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर के लिए निकली पदयात्रा में भारी उत्साह और भक्तिभाव के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भोरमदेव पदयात्रा से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पंचमुखी बूढ़ा महादेव की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। उपमुख्यमंत्री शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के साथ भगवा ध्वज हाथों में लेकर लगभग 18 किलोमीटर लंबी भोरमदेव पदयात्रा का शुभारंभ किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि श्रावण मास का प्रथम सोमवार भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष अवसर है। बाबा भोरमदेव पदयात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पावन यात्रा में शामिल होकर सभी श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। भोरमदेव केवल एक प्राचीन मंदिर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का गौरव है। सरकार इस पवित्र धाम के संरक्षण, विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा पदयात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

पदयात्रियों का जगह-जगह हुआ स्वागत

भोरमदेव पदयात्रा को लेकर कवर्धा से भोरमदेव मंदिर तक पूरे 18 किलोमीटर मार्ग पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने पदयात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पुष्पगुच्छ, माला भेंट कर और तिलक लगाकर स्वागत किया।

ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच के अलावा वन विभाग, इंजीनियर एसोसिएशन, जिला प्रेस क्लब, ज्वाइन हैंड्स, ट्रक मालिक संघ, प्राइवेट स्कूल संघ और विभिन्न विभागों ने अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं, पदयात्रियों और कांवड़ियों के लिए चाय, कॉफी, नाश्ता, जूस, शरबत, नींबू पानी, खीर-पूड़ी और फल का वितरण किया।

उमड़ा आस्था का जनसैलाब

वर्ष 2008 से लगातार आयोजित हो रही बाबा भोरमदेव पदयात्रा में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। लगभग 18 किलोमीटर की यह पदयात्रा पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर, कवर्धा से बाबा भोरमदेव मंदिर तक निकाली गई। हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालु, कांवड़िये, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।

झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष पदयात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, नंदी और शिव परिवार पर आधारित आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे पदयात्रा मार्ग में भक्तिमय झांकियों, भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने झांकियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश

भोरमदेव पदयात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समनापुर के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

पदयात्रा में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बिसेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेंद्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी संगठन, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चों सहित हजारों की संख्या में महिला-पुरुष और श्रद्धालु स्वस्फूर्त शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *