बिलासपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी और प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी लेते हुए शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मधु सिदार जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली हैं। किसान परिवार से आने वाली मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। वह खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में भी हिस्सा ले चुकी हैं और अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से की थी। इसके बाद वह अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहीं। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर की आवासीय खेल अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा और वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों बेटियों के भारतीय टीम में चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। उनसे जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
