फरसगांव में अवैध प्रवासियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 1200 घरों और 160 प्रतिष्ठानों की जांच, 173 संदिग्धों से पूछताछ

कोंडागांव/फरसगांव। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध प्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने फरसगांव पुलिस ने रविवार को बड़े स्तर पर सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 21 टीमें मैदान में उतरीं।

एसडीओपी अभिनव उपाध्याय और डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने फरसगांव नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के साथ जुगानी कलार, जुगानी कैंप, पश्चिम बोरगांव, पूर्वी बोरगांव और सिगारपुरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच और सत्यापन किया। अभियान के दौरान 1200 से अधिक घरों तथा 160 से अधिक दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।

173 संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया

अभियान के दौरान पुलिस ने 173 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ और दस्तावेजों की तस्दीक के लिए थाना फरसगांव लाया। यहां उनके पहचान पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस संबंधित थानों से एसएस रोल और एनओसी के माध्यम से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि क्षेत्र में कोई अवैध प्रवासी अथवा संदिग्ध व्यक्ति गलत पहचान के साथ निवास तो नहीं कर रहा है।

पुलिस ने बाहर से आकर फरसगांव क्षेत्र में रह रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई और उन्हें मुसाफिर रजिस्टर में दर्ज कराया। मकान मालिकों को किरायेदारों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों की जानकारी दर्ज करने के लिए समाधान ऐप डाउनलोड कराकर आवश्यक प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।

दुकानों और प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच

पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान मटन दुकान, नाई दुकान, कबाड़ी दुकान सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की। ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हांकित किया गया, जहां बाहरी अथवा असंगठित क्षेत्र से आए कर्मचारी काम कर रहे हैं। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों की पहचान और दस्तावेजों की जानकारी जुटाकर उनका सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक के दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता नहीं पाए जाने पर उन्हें आवश्यक हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करना है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

फरसगांव पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध फेरीवाला, अपरिचित व्यक्ति या अवैध रूप से निवास करने वाला व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल थाना फरसगांव पुलिस को सूचना दें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी जानकारी दी जा सकती है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किरायेदारों एवं बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी नियमानुसार दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *