रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति पुलिस पदकों की घोषणा कर दी है। छत्तीसगढ़ पुलिस के कुल 152 अधिकारी-कर्मचारी अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किए जाएंगे। इनमें 141 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक, 10 को सराहनीय सेवा पदक और एक वरिष्ठ अधिकारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ को इस वर्ष देश में सबसे अधिक 141 वीरता पदक मिले हैं। यह सम्मान मुख्य रूप से नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में पुलिस बल द्वारा चलाए गए अभियानों, अदम्य साहस और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है। पदक पाने वालों में पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जवान, बस्तर फाइटर्स, डीएसएफ और एसटीएफ के कर्मचारी शामिल हैं।
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पुलिस मुख्यालय रायपुर में विशेष शाखा के पुलिस उप महानिरीक्षक मोती लाल कोटवानी को प्रदान किया जाएगा। वहीं सराहनीय सेवा के लिए 10 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री सुरक्षा में पदस्थ पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा, एएनटीएफ की सहायक पुलिस महानिरीक्षक गायत्री सिंह, रायपुर यातायात एवं प्रोटोकॉल की पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, रायपुर जोन उत्तर की पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप, 4वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की उप सेनानी रमा पटेल, 6वीं वाहिनी रायगढ़ के सहायक सेनानी ब्रजेश कुमार तिवारी, विशेष शाखा भिलाई की उप पुलिस अधीक्षक सविता सिंह परिहार, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई के निरीक्षक पिनाकी भट्टाचार्जी, एसटीएफ बघेरा दुर्ग के कंपनी कमांडर राकेश कुमार सिंह और प्लाटून कमांडर नेहरू लाल शामिल हैं।
वीरता पदक पाने वालों की सूची में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर क्षेत्रों में तैनात पुलिस अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया, उप पुलिस अधीक्षक विनय कुमार, सोहन लाल, महंथ कुमार, प्रशांत देवांगन, राहुल कुमार उईके और लक्ष्मण सिंह पोटाई सहित कई अधिकारियों को वीरता पदक दिया जाएगा। एसटीएफ और बस्तर फाइटर्स के जवानों को भी बड़ी संख्या में वीरता पदक के लिए चुना गया है।
नारायणपुर जिले से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को वीरता पदक मिला है। इसके अलावा सुकमा और कांकेर के पुलिस जवानों ने भी इस सूची में उल्लेखनीय स्थान बनाया है। कांकेर क्षेत्र के बड़ी संख्या में बस्तर फाइटर्स और डीएसएफ जवानों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
वीरता पदक पाने वालों में दिवंगत आरक्षक नितेश एक्का का नाम भी शामिल है। उन्हें भी उनके साहस और कर्तव्य के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा।
इसके साथ ही बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक रहे सुंदरराज पी., उप पुलिस महानिरीक्षक इंदिरा कल्याण एलिसेला, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों को भी वीरता पदक के लिए चुना गया है।

राष्ट्रपति पुलिस पदकों की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने सभी सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित ये पदक छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए विशेष गौरव का विषय हैं। खास तौर पर 141 वीरता पदकों का मिलना राज्य के सुरक्षा बलों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नक्सल विरोधी अभियानों में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
