रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में लगभग साढ़े 800 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के बीच हुई सांस्कृतिक स्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग के स्कूली विद्यार्थियों ने प्रथम, छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग के विद्यार्थियों ने द्वितीय और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने शील्ड और मेडल देकर सभी विजेताओं को सम्मानित किया।

छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग के 286 स्कूली छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान… जैसे रिमिक्स गीत पर देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने वंदे मातरम की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम की कहानी को प्रस्तुत किया। साथ ही युवा शक्ति से नई ऊंचाइयों को छूते भारत की तस्वीर को भी आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित किया।

पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने सजता, संवरता, निखरता ये देश… गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में विभिन्न अवसरों पर होने वाले नृत्यों की सुंदर छाप देखने को मिली। स्कूली बच्चों ने अपने भावों को कदमों की लय और ऊर्जा में पिरोते हुए राष्ट्रप्रेम की अटूट भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के 280 बच्चों ने संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े… फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत किया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद दर्शकों को भावविभोर कर दिया और देशभक्ति के रंग से पूरे वातावरण को सराबोर कर दिया।

