विरासत से विकास तक: स्वतंत्रता संग्राम से विकसित छत्तीसगढ़ की तस्वीर एक मंच पर

रायपुर, 15 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के शौर्य और बलिदान, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा तथा राज्य की सुशासन और विकास उपलब्धियों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के विभिन्न खंडों का अवलोकन करते हुए दुर्लभ छायाचित्रों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और सूचनात्मक सामग्री में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए छत्तीसगढ़ की धरती के अनेक वीर सपूतों ने संघर्ष और बलिदान दिया। उनकी राष्ट्रभक्ति और त्याग की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। ऐसी प्रदर्शनियां युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत करती हैं।

प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर केंद्रित खंड है। इसमें इसके सृजन से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रजागरण के स्वर के रूप में स्थापित होने तक की यात्रा को ऐतिहासिक संदर्भों और छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों, जननायकों और अमर बलिदानियों से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज और प्रसंग भी प्रदर्शित किए गए हैं। महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास तथा सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी स्थान दिया गया है।

टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण, साज-सज्जा एवं नवीनीकरण के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक वीरों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृतियों को संजोए हुए है, जबकि टाउन हॉल रायपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्य सरकार ‘विरासत से विकास तक’ की सोच के साथ आगे बढ़ रही है।

प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित महिलाओं, किसानों, युवाओं, श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित योजनाओं से आए बदलावों को भी प्रदर्शित किया गया है। सड़क, रेल, औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश, रोजगार, डिजिटल प्रशासन और हरित छत्तीसगढ़ की दिशा में हो रहे कार्यों की झलक भी यहां देखने को मिल रही है।

एआई तकनीक बना आकर्षण

प्रदर्शनी में एआई आधारित विशेष पहल भी आकर्षण का केंद्र है। इसके माध्यम से आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की पृष्ठभूमि में अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। विजिटर डायरी और राज्य की विकास यात्रा पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से प्रदर्शनी देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इतिहास और विरासत को जानना वर्तमान के प्रति कर्तव्य का बोध कराता है और बेहतर भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।

प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *