रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 23 आईएएस-आईएफएस अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में मुंगेली, कांकेर, सक्ती, कबीरधाम, गरियाबंद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित छह जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आदेश के मुताबिक सोनमणि बोरा अब नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव होंगे। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव आर. संगीता को मंत्रालय में सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। भुवनेश यादव को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
कांकेर के कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन के पद पर पदस्थ किया गया है। रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है और उन्हें जल जीवन मिशन के मिशन संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं भोसकर विलास संदिपान को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जिलों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। रणबीर शर्मा को गरियाबंद का कलेक्टर बनाया गया है। कोंडन कुमार को मुंगेली से स्थानांतरित कर कांकेर का कलेक्टर बनाया गया है। अमृत विकास तोपनो को सक्ती से मुंगेली का कलेक्टर बनाया गया है। जयश्री जैन को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से स्थानांतरित कर सक्ती का कलेक्टर बनाया गया है। तुलिका प्रजापति को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से कबीरधाम का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं तनुजा सलाम को खेल एवं युवा कल्याण विभाग से स्थानांतरित कर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
गरियाबंद के कलेक्टर भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। कबीरधाम के कलेक्टर गोपाल वर्मा को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। जगदीश सोनकर को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य महत्वपूर्ण बदलावों में हिना अनिमेष नेताम को वर्तमान दायित्वों के साथ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गजेन्द्र सिंह ठाकुर को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ समाज कल्याण संचालक का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
रोमा श्रीवास्तव को सरगुजा जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग में उप सचिव बनाया गया है और खेल एवं युवा कल्याण संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
लीना कोसम को लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक पद से हटाकर नगर पालिक निगम दुर्ग का आयुक्त बनाया गया है। सौमिल रंजन चौबे को कृषि विभाग के उप सचिव पद से स्थानांतरित कर पर्यटन मंडल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को नारायणपुर के अपर कलेक्टर से स्थानांतरित कर बिलासपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है।

इसके अलावा मोहम्मद कैसर अब्दुल हक को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव पद पर बनाए रखते हुए जल जीवन मिशन के मिशन संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। विवेक आचार्य की सेवाएं उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।
राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल का असर मंत्रालय से लेकर जिलों तक दिखाई देगा। खास तौर पर छह जिलों में नए कलेक्टरों की पदस्थापना से स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव होगा। सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और जिलों में प्रशासनिक कामकाज को गति देने की दृष्टि से इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
