कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55.470 किलो गांजा जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग अभिरक्षा में

कोण्डागांव, 24 अगस्त 2026/ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 55.470 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की थार कार क्रमांक MP 09 BR 7895 और सफेद रंग की मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक UP 93 CP 4471 में गांजा छिपाकर दामनजोडी, ओडिशा से रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बायपास रोड, नया बस स्टैंड के पीछे चिखलपुटी और दुधगांव एनएच-30 मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध दोनों वाहनों को रोककर उनमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके बाद नियमानुसार दोनों वाहनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों कारों की डिक्की से चार-चार, कुल आठ पैकेटों में 55.470 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजे के साथ दोनों वाहनों और छह मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 27 लाख 74 हजार 500 रुपये, थार कार की कीमत करीब 15 लाख रुपये, मारुति फ्रोंक्स कार की कीमत करीब 15 लाख रुपये और छह मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह दोनों मामलों में कुल करीब 59 लाख 34 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने मामले में आक्तर खान, उम्र 22 वर्ष, लक्ष्मण खटीक, उम्र 32 वर्ष, भावेश केंवट, उम्र 20 वर्ष, देव सेन, उम्र 19 वर्ष, अरूण सैन, उम्र 20 वर्ष, संजय पाल, उम्र 19 वर्ष और वीकेश यादव, उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा 16 वर्षीय एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत दोनों मामलों में पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार सात आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *