सुकमा में नक्सली डम्प का भंडाफोड़, 23 हथियार, 492 जिंदा राउंड और 240 जिलेटिन स्टिक बरामद

सुकमा, 24 अगस्त 2026/ नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त इंटेलिजेंस के आधार पर भेज्जी थाना क्षेत्र के ग्राम भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त टीम ने जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान संदिग्ध डम्प की पहचान की और वहां से हथियार एवं अन्य सामग्री सुरक्षित रूप से बरामद की।

बरामद सामग्री में एसएलआर रायफल, .315 बोर रायफल, .410 मस्केट रायफल, छह बीजीएल लॉन्चर, सिंगल शॉट रायफल, .315 बोर देशी कट्टा, पांच 12 बोर रायफल और सात भरमार बंदूक सहित कुल 23 हथियार शामिल हैं। इसके अलावा एसएलआर और .303 की मैगजीन भी बरामद की गई हैं।

पुलिस ने विभिन्न हथियारों के कुल 492 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। इनमें एके-47 के 45, एसएलआर के 196, इंसास के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 और 12 बोर के 45 जिंदा राउंड शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में बीजीएल सेल और अन्य गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।

सर्चिंग के दौरान पांच देशी हैंड ग्रेनेड, 240 जिलेटिन स्टिक और करीब 18 किलोग्राम गन पाउडर सहित विस्फोटक सामग्री भी मिली है। पुलिस ने बीजीएल के विभिन्न प्रकार के सेल, कार्ट्रिज और अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की है।

नक्सली डम्प से हथियार और विस्फोटकों के अलावा खाली खोखे, मैगजीन पाउच, बीजीएल पाउच, कमर पाउच, कमर बेल्ट, वर्दी, मंकी कैप, पिट्टु बैग, सोलर प्लेट, कपड़ा, दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी मिली है।

पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य सामग्री के डम्प का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित रूप से बरामद करना है।

सुकमा पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन के माध्यम से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *