बीजापुर में CRPF की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के 14 डंप से हथियार और 10 IED समेत भारी मात्रा में सामग्री बरामद

बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी ने बड़ी सफलता हासिल की है। 5 सितंबर 2026 को CRPF की 199वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा और सरपंचपारा के साथ पीडिया व कुआपगुड़ा गांवों के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 डंप बरामद किए।

प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने यह अभियान चलाया। बी-199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका और एफ-199 कंपनी के निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। हथियार और IED समेत बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई सामग्री मिली।

बरामद सामान में 7 रायफल, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, 10 IED, बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट, 4 प्लास्टिक कंटेनर और 3 बड़े स्टील कंटेनर शामिल हैं। बरामद 7 रायफलों में एक .303 बोल्ट एक्शन रायफल, 5 भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल शामिल है। इसके अलावा IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं बरामद की गई हैं। सतर्कता के साथ चलाया गया सर्च ऑपरेशन अभियान के दौरान जवानों ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा बलों के मुताबिक, बरामद सामग्री को नक्सलियों ने भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है।

CRPF की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के चलते क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कम होने और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने का दावा किया गया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने अभियान जारी 199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि CRPF आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 199वीं वाहिनी आगे भी आसूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित करेगी। क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *