नुक्कड़ नाटकों से गूंजेगी ‘सेवा’ की गाथा, इन्फ्लूएंसर दिखाएंगे बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर

रायपुर, 9 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान को व्यापक जनभागीदारी और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रभावी बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने आवास कार्यालय में अभियान के तहत पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज एक आयोजन नहीं, बल्कि जनसेवा, जनभागीदारी और विकास के प्रति नागरिकों के विश्वास को मजबूत करने का व्यापक अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, रचनात्मक और जनोन्मुखी बनाने को कहा, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक सहजता से पहुंच सके।

नुक्कड़ नाटकों में दिखेगी बदलाव की कहानी

अभियान के दौरान संस्कृति विभाग द्वारा महाविद्यालयों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक केंद्रों और पंचायतों सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को रोचक और भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

स्थानीय भाषा, लोककला, संगीत और प्रभावी संवादों के माध्यम से वास्तविक लाभार्थियों की जीवन-परिवर्तन की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं के प्रचार को जनसंवाद और जनजागरूकता से जोड़ना है। विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं तथा विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखेगा नया छत्तीसगढ़

पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के इन्फ्लूएंसरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास और पर्यटन की बदलती तस्वीर को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सामने लाएगा। इन्फ्लूएंसर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विकसित अधोसंरचना, पर्यटन सुविधाओं और विकास कार्यों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ युवाओं और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की अभियान में भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसी अनेक गतिविधियां आयोजित होंगी।

इनके माध्यम से पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने, योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

मंत्री अग्रवाल ने संस्कृति और पर्यटन विभाग की गतिविधियों को समयबद्ध पूरा करने तथा दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्कृति जनसंवाद का प्रभावी माध्यम है, जबकि पर्यटन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। स्थानीय संस्कृति, लोककला, युवाओं और डिजिटल माध्यमों की सहभागिता से अभियान को व्यापक और जनोन्मुखी स्वरूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *