कोंडागांव के ग्राम तोतर में डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को मिल रही निःशुल्क कानूनी सहायता

कोंडागांव। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार कोंडागांव जिले में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव नालसा योजना 2026 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव गायत्री साय के नेतृत्व में ग्राम पंचायत तोतर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी जा रही है।

26 अगस्त 2026 से प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेंद्र भट्ट तथा अधिकार मित्र रंजन कुमार बैध और लोकेश कुमार यादव द्वारा गांव में लगातार डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी पारिवारिक समस्याओं, भूमि विवाद, दस्तावेज संबंधी परेशानियों, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में आ रही दिक्कतों तथा अन्य कानूनी और सामाजिक समस्याओं की जानकारी ली जा रही है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध है। उन्हें छोटे-बड़े विवादों को समय रहते उचित कानूनी सलाह के माध्यम से सुलझाने और किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में लीगल एड क्लीनिक से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना और जानकारी या आर्थिक संसाधनों के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित लोगों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। ग्राम पंचायत तोतर में लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सलाह और विधिक सहायता का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *