रायपुर, 09 सितम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को व्यावहारिक, समावेशी और जनोपयोगी बनाने की दिशा में राज्य शासन द्वारा गठित यूसीसी समिति ने जनपरामर्श की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में राजनांदगांव के जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने समिति के समक्ष विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन संबंध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार एवं सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की बात सुनी और यूसीसी से जुड़े सुझावों एवं विचारों पर चर्चा की।
पक्ष-विपक्ष दोनों पर हुआ मंथन
बैठक में पारंपरिक सामाजिक मान्यताओं से लेकर आधुनिक वैधानिक सुधारों तक के विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। यूसीसी के पक्ष और विपक्ष दोनों में महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। प्रतिनिधियों ने विवाह, तलाक, गोद लेने, उत्तराधिकार और अन्य व्यक्तिगत कानूनों में समानता से जुड़े विषयों पर अपने विचार समिति के समक्ष रखे।
बैठक में राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के सर्व आदिवासी समाज, बौद्ध, जैन, मुस्लिम, ईसाई, साहू, कलार, लोधी, यादव, क्रिश्चियन, पटेल, गड़रिया और सेन समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। गोड़ समाज के अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता, उरांव समाज, मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति तथा विभिन्न राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए।

धर्म, जाति और लिंग से परे समान कानून की मांग
विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से दिए गए सुझावों में कहा गया कि समान नागरिक संहिता के तहत सभी नागरिकों के लिए धर्म, जाति या लिंग के आधार पर भेदभाव किए बिना विवाह, तलाक, बच्चा गोद लेने और संपत्ति के उत्तराधिकार जैसे मामलों में समान कानून का प्रावधान होना चाहिए।
सुझावों के आधार पर तैयार होगा अंतिम ड्राफ्ट
यूसीसी समिति के सदस्यों ने बताया कि जनपरामर्श के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और विचारों का अध्ययन करने के बाद ही अंतिम ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। आम जनता से भी ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। बैठक में विधिक सलाहकार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समान नागरिक संहिता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
आम नागरिक समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://ucc.cgstate.gov.in/ तथा ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in के माध्यम से अपने सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

बैठक के दौरान संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी तथा अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
