दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी ने राजधानी में खतरनाक इमारतों, अनधिकृत निर्माण और दिल्ली मास्टर प्लान तथा भवन उप-नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। यह अभियान निगम के सभी 12 जोन में चलाया जा रहा है।

एमसीडी ने कल 34 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इसके अलावा 17 संपत्तियों को सील किया गया, 22 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और चार ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए। इससे पहले मंगलवार को भी निगम ने 17 संपत्तियों को ध्वस्त करने के साथ पांच अन्य संपत्तियों को सील किया था।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में पीजी भवनों का व्यापक सर्वेक्षण भी जारी है। अब तक करीब 1,243 ऐसे भवनों की पहचान की गई है, जहां पीजी सुविधाएं संचालित हो रही हैं। इन भवनों में लगभग 24 हजार लोग रह रहे हैं। एमसीडी ने जारी सर्वेक्षण को आज तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
