खाद्य विभाग और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने पांच स्थानों पर की कार्रवाई, कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ अभियान
216 बोरी धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी
कवर्धा। आगामी धान खरीदी के मद्देनजर अवैध धान व्यापार और अनधिकृत रूप से धान के भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य विभाग और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने जिले के पांच स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 216 बोरी धान जब्त किया है। जब्त धान का कुल वजन 86.40 क्विंटल है। इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने बताया कि जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान व्यापार के विरुद्ध यह पहली कार्रवाई है। खाद्य विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम ने ग्राम उड़ियाकला, बिडोरा, कल्याणपुर, भागूटोला और तरेगांव जंगल में कार्रवाई की। इस दौरान कोचियों और बिचौलियों द्वारा कथित रूप से अनधिकृत तरीके से रखे गए धान को जब्त किया गया। विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इन पांच स्थानों से जब्त किया गया धान
संयुक्त टीम ने बजरंगबली ट्रेडर्स, उड़ियाकला, सहसपुर लोहारा से 60 बोरी धान, जिसका वजन 24 क्विंटल है, जब्त किया। इसी प्रकार भोजराम पटेल, बिडोरा के यहां से 40 बोरी यानी 16 क्विंटल धान बरामद किया गया।
कल्याणपुर में पेखन साहू के यहां से 55 बोरी धान, जिसका वजन 22 क्विंटल है, जब्त किया गया। भागूटोला स्थित परमात्मा ट्रेडर्स से 50 बोरी यानी 20 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं तरेगांव जंगल में अजय नाग के यहां से 11 बोरी धान, जिसका वजन 4.40 क्विंटल है, बरामद किया गया।
इस तरह पांचों स्थानों से कुल 216 बोरी धान जब्त किया गया, जिसका कुल वजन 86.40 क्विंटल है। प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

धान खरीदी से पहले निगरानी तेज
धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभागीय स्तर पर निगरानी की जा रही है। खाद्य विभाग और मंडी समिति की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य अनधिकृत भंडारण तथा धान के अवैध व्यापार पर रोक लगाना है। अधिकारियों के अनुसार, मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज प्रकरणों में आगे की कार्रवाई जारी है।
