बड़ेआलवाड़ा के जंगल में माओवादियों का हथियार और विस्फोटक डंप बरामद

बीजापुर, 16 सितंबर। माओवादी विरोधी अभियान के तहत बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक और सफलता मिली है। फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेआलवाड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में पुलिस, डीआरजी और बीडीएस की संयुक्त टीम ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, विस्फोटक और संचार उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में 8 किलोग्राम जिलेटिन और कुल 108 जिंदा कारतूस शामिल हैं। यह कार्रवाई 15 सितंबर को सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में थाना फरसेगढ़, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस की संयुक्त टीम को बड़ेआलवाड़ा के जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। तलाशी के दौरान टीम को एक संदिग्ध स्थान पर माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए बीडीएस टीम ने आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया अपनाते हुए सामग्री की जांच और डिमाइनिंग की, जिसके बाद इसे सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया गया।

सुरक्षाबलों ने मौके से एक 315 बोर का देशी कट्टा और उसके 49 जिंदा राउंड बरामद किए। इसके अलावा 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड, 12 बोर के 34 जिंदा कारतूस, 303 रायफल का बट प्लेट, बोल्ट, खाली मैगजीन तथा अन्य पार्ट्स भी मिले हैं। बड़ी मात्रा में गोला-बारूद का जंगल में छिपाकर रखा जाना माओवादी गतिविधियों में हथियारों के इस्तेमाल और भंडारण से जुड़ा महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।

तलाशी के दौरान हथियारों के साथ करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन भी बरामद किया गया। इसके अलावा छह वॉकी-टॉकी सेट चार्जर सहित, एक मेन पैक सेट, विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, सेल, स्विच और सॉकेट सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने विस्फोटक एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार कब्जे में लिया है।

बीजापुर जिले में माओवादी विरोधी अभियान के तहत जंगलों और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग जंगल क्षेत्रों में चलाए गए अभियानों के दौरान माओवादी डंप से ग्रेनेड, तीर बम, डेटोनेटर, नॉन-इलेक्ट्रिक वायर और बीजीएल से संबंधित सामग्री बरामद की जा चुकी है। 6 सितंबर को डुमरीपलनर जंगल क्षेत्र से डेटोनेटर और वायर तथा 5 सितंबर को इंडरीपाल क्षेत्र से ग्रेनेड और तीर बम बरामद किए गए थे।

पुलिस ने बड़ेआलवाड़ा जंगल से बरामद हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षाबलों की ओर से क्षेत्र में सर्चिंग और निगरानी अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *