दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने विशेष अभियान 6.0 के तहत स्वच्छता, कबाड़ एवं ई-कचरा निस्तारण, अभिलेख प्रबंधन और प्रशासनिक लंबित मामलों को कम करने के लिए व्यापक लक्ष्य निर्धारित किए हैं। अभियान 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत SECL के विभिन्न प्रतिष्ठानों में 225 स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और लगभग 40 लाख वर्गफुट क्षेत्र की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 3,300 मीट्रिक टन कबाड़ के निस्तारण की योजना बनाई गई है।
विशेष अभियान 6.0 में कार्यस्थलों की स्वच्छता के साथ उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग, ई-कचरे के व्यवस्थित प्रबंधन और अभिलेखों को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभियान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कचरे का संग्रहण, पृथक्करण और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप जिम्मेदार निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को ई-कचरे के पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
अभिलेख प्रबंधन और प्रशासनिक लंबित मामलों में कमी लाने के लिए भी अभियान के तहत स्पष्ट लक्ष्य तय किए गए हैं। SECL द्वारा 500 भौतिक फाइलों की समीक्षा और 200 भौतिक फाइलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह 7,000 इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा की जाएगी और 3,000 इलेक्ट्रॉनिक फाइलों को बंद करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
विशेष अभियान 6.0 के प्रमुख क्षेत्रों में स्वच्छता, उपलब्ध स्थान का अधिकतम एवं बेहतर उपयोग, कबाड़ और ई-कचरा प्रबंधन, अभिलेखों का उचित रखरखाव तथा डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देना शामिल है। अभियान का उद्देश्य SECL के प्रतिष्ठानों में स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अधिक उत्पादक कार्यस्थल विकसित करने के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।

SECL ने विशेष अभियान 6.0 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पिछले विशेष अभियान 5.0 के दौरान किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में तय किया है। विशेष अभियान 5.0 में 203 स्थलों के लक्ष्य के मुकाबले 229 स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गई थीं। इस दौरान 43 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र की सफाई की गई और 6,400 मीट्रिक टन से अधिक कबाड़ का निस्तारण किया गया। कबाड़ निस्तारण से लगभग 24 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
स्वच्छता अभियान को नवंबर 2025 से अगस्त 2026 तक विस्तारित अवधि में भी जारी रखा गया। इस दौरान लगभग 2.52 लाख वर्गफुट अतिरिक्त क्षेत्र की सफाई की गई। इन प्रयासों से प्राप्त अनुभवों और उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए SECL ने विशेष अभियान 6.0 में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के साथ प्रशासनिक सुधारों को भी व्यापक रूप देने की योजना बनाई है।

अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में निर्धारित लक्ष्यों की निगरानी के साथ स्वच्छता गतिविधियों, कबाड़ एवं ई-कचरा निस्तारण, फाइलों की समीक्षा और प्रशासनिक लंबित मामलों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। SECL का यह अभियान कार्यस्थलों को अधिक स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ संसाधनों के प्रभावी उपयोग और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में संचालित किया जाएगा।
