जांजगीर-चाम्पा जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। पहली घटना बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में हुई, जहां नदी किनारे बाड़ी में काम कर रहे सात लोग बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में पहुंचे थे। इसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग झुलसकर घायल हो गए। दूसरी घटना अकलतरा क्षेत्र में सीसीआई के पास हुई, जहां खेत से काम कर लौट रहे दो लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में हुई घटना में मृतकों की पहचान नरेश, तुलसी और रामभरोस के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गांव के सात लोग नदी किनारे बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब हुआ और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास स्थित एक झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलसकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों में दो महिलाओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बलौदा से बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य घायलों का उपचार बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना अकलतरा क्षेत्र में सीसीआई के पास हुई। यहां खेती का काम करके वापस लौट रहे किसान दूजराम जाटवर और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दूजराम जाटवर की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति झुलसकर घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि बलौदा निवासी किसान दूजराम जाटवर खेती के कार्य से मुरलीडीह गांव आया हुआ था। वह अकलतरा स्थित अपने ससुराल में रुका था। खेत में काम पूरा करने के बाद वह एक अन्य व्यक्ति के साथ वापस लौट रहा था। इसी दौरान दोनों अकलतरा में सीसीआई के पास पहुंचे, जहां अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दूजराम जाटवर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिले में एक ही दिन आकाशीय बिजली से हुई इन दो घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन और पुलिस द्वारा घटनाओं की जांच की जा रही है। बारिश और खराब मौसम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे रुकने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
